
उदित वाणी, जमशेदपुर : गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गांजिया बराज स्थित किसान भवन में शुक्रवार को बहुफसली खेती को प्रोत्साहित करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अभय कुमार द्विवेदी ने की. इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए किसान, किसान मित्र, कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक में स्वर्णरेखा परियोजना के अभियंता रोहित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, एटीएम (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधक), प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी समेत तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया. अधिकारियों ने किसानों को बहुफसली खेती अपनाने, उन्नत किस्म के बीज, मृदा परीक्षण, कृषि यंत्रीकरण, जैविक खेती और समेकित कृषि प्रणाली के फायदों के बारे में जानकारी दी. बताया गया कि इन बीजों को निःशुल्क अथवा अनुदानित दर पर किसानों तक पहुंचाया जा रहा है.
स्वर्णरेखा परियोजना के तहत सिंचाई सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं. बैठक के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम-किसान मानधन योजना, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और किसानों से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई.
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर किसानों को हरसंभव मदद दी जाएगी ताकि क्षेत्र में आत्मनिर्भर और टिकाऊ कृषि व्यवस्था को मजबूती मिल सके.

