
उदित वाणी, रांची : आजसू प्रमुख पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने नई दिल्ली स्थित न्यू झारखंड भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की. वहीं इससे पहले केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर गुरूजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली. सीएम सोरेन ने बताया कि गुरुजी के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. जबकि केन्द्रीय मंत्री गडकरी व सुदेश महतो ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
आजसू के गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी हेमंत सोरेन से नई दिल्ली में मुलाकात कर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली. ज्ञात हो कि गुरूजी शिबू सोरेन को 19 जून को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया है. उन्हें ब्रेन स्ट्रोक और किडनी संबंधी समस्याओं के कारण आईसीयू में रखा गया है. सर गंगा राम अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के बिशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उनकी देखभाल किया जा रहा है.
