
उदित वाणी, आदित्यपुर : कुलुपटाँगा बस्ती, आदित्यपुर-02 (मार्ग संख्या 14 के पास) में सोमवार शाम एक महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. पीड़िता सुखमारो गोप को घायल अवस्था में सदर अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
शेड लगाने से नाराज़ थे आरोपी
घटना शाम करीब 6:30 बजे की है जब पीड़िता सुखमारो गोप, जो भारत गोप की पत्नी हैं, अपने घर की पुरानी फटी तिरपाल को हटाकर वहाँ एस्बेस्टस की छत (शेड) लगवा रही थीं. तभी पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने इसका विरोध किया. जब पीड़िता ने काम रोकने से इनकार कर दिया, तो कथित आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया.
आरआईटी थाना में दी गई लिखित शिकायत
सुखमारो गोप ने इस संबंध में आरआईटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अपनी शिकायत में शंकर गोप, साहिल गोप, जोशना गोप, रेशमी गोप और सुलोचना गोप को आरोपी बनाया है.
स्थानीय लोगों में तनाव का माहौल
घटना के बाद कुलुपटाँगा बस्ती में तनाव व्याप्त है. महिलाओं के साथ इस तरह की हिंसा को लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

