उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के सिद्धो कान्हू मोड़ पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिरसानगर जोन नंबर 2बी के निवासी बुधराम शांडिल्य (28) और गोलू मुंडा (22) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक देर रात बुलेट बाइक से बिरसानगर थाना की ओर जा रहे थे। सिद्धो कान्हू मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद दोनों को उनके दोस्तों द्वारा गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने गोलू मुंडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं बुधराम शांडिल्य की स्थिति नाजुक देख परिजन उसे टीएमएच ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया जाता है कि बुधराम टेल्को स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था, जबकि गोलू मुंडा उषा मार्टिन में काम करता था। दोनों अच्छे दोस्त थे और अक्सर एक साथ देखे जाते थे। हादसे के बाद पूरे बिरसानगर इलाके में शोक की लहर है।
गुरुवार को पुलिस द्वारा दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन बदहवास हैं।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।