रांची: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बढ़ती बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने इसे राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बताया है.
संताल परगना से कोल्हान तक पैर पसार रहे घुसपैठिए
मरांडी ने आरोप लगाया कि अब बांग्लादेशी घुसपैठिए संताल परगना से निकलकर कोल्हान क्षेत्र में भी तेजी से बस रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या पर रोक नहीं लगी तो झारखंड की सामाजिक संरचना को भारी नुकसान हो सकता है.
झामुमो-कांग्रेस पर लगाया गंभीर आरोप
बाबूलाल मरांडी ने झामुमो और कांग्रेस पर सत्ता और वोट बैंक की राजनीति के चलते राज्य को बारूद के ढेर पर बैठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इन दलों की नीतियां घुसपैठियों को संरक्षण दे रही हैं, जिससे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था चरमराने का खतरा बढ़ गया है.
भाजपा की निर्णायक लड़ाई का एलान
मरांडी ने स्पष्ट कहा कि भाजपा बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी झारखंड की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।