उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी के शरीयत को संविधान से ऊपर बताने वाले विवादित बयान के बाद राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है. भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान को देश की संवैधानिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए सोमवार 21 अप्रैल को जमशेदपुर में विराट आक्रोश मार्च निकालने की घोषणा की है.
सुबह 10 बजे साकची से शुरू होगा मार्च
भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में आयोजित यह मार्च साकची स्थित जिला कार्यालय से सोमवार सुबह 10 बजे आरंभ होगा. मार्च बंगाल क्लब गोलचक्कर, होटल दयाल इंटरनेशनल, पुराना कोर्ट मोड़ होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक जाएगा.
शीर्ष नेताओं की उपस्थिति से होगी आक्रोश की हुंकार
आक्रोश मार्च में भाजपा के कई शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे. इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार और मीरा मुंडा प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे.
संविधान की गरिमा की रक्षा को लेकर निकलेगा मार्च
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह मार्च झामुमो-कांग्रेस सरकार को यह संदेश देने के लिए निकाला जा रहा है कि देश संविधान से चलेगा, न कि किसी धर्म विशेष की धार्मिक व्यवस्था से. उन्होंने मंत्री के बयान को असंवैधानिक और देश की एकता व अखंडता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि आक्रोश मार्च के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मंत्री हफीजुल हसन पर तत्काल कार्रवाई की मांग की जाएगी.
हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी की उम्मीद
भाजपा ने सभी मंडल अध्यक्षों व पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं को लेकर मार्च में शामिल हों. मार्च के दौरान कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा, तख्तियां और पोस्टर लिए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे.
तैयारियों को लेकर मीडिया प्रभारी का बयान
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि आक्रोश मार्च की सफलता और भव्यता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पार्टी नेतृत्व ने इसे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के रूप में देखा है, और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।