उदित वाणी, रांची: भीषण गर्मी के बाद झारखंड में मौसम बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी तीन दिनों के लिए 11 जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. इसे देखते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सावधानी बरतने और बेहद आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
किन जिलों में अधिक असर?
झारखंड के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में तेज आंधी और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार (3 अप्रैल) को झारखंड के दक्षिणी और मध्य जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. साथ ही ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है. 4 अप्रैल तक राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज़ हवाएं चलने और बारिश होने का पूर्वानुमान है.
तापमान का हाल
बुधवार को झारखंड का अधिकतम तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मंगलवार को बोकारो में सर्वाधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर और डाल्टनगंज में क्रमशः 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. रांची में यह 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
किन इलाकों में गिर सकती है बिजली?
मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में वज्रपात की आशंका जताई है. विशेष रूप से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.
पिछले 24 घंटे का मौसम अपडेट
झारखंड में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा. इस दौरान बोकारो थर्मल का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस हजारीबाग में रिकॉर्ड हुआ. रांची का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में झारखंड में आंधी-तूफान और बारिश से गर्मी में राहत मिलने की संभावना है, लेकिन वज्रपात और तेज़ हवाओं को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत होगी.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।