
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई और लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से पुलिस ने सोने की चेन, 6 मोबाइल, हीरो कंपनी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को बरामद किया है. गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ छिनतई और लूट की घटनाओं को अंजाम देने के मामले दर्ज हैं। पकड़े गए लोगों में एमजीएम थाना क्षेत्र के हीरा चुन्नी गांव के नरेगा शिव मंदिर के पास रहने वाला नंदी पटनायक उर्फ छोटू पटनायक, आदित्य कुमार तिवारी व शुभम कुमार शर्मा उर्फ बाबू शामिल हैं. तीनों से पूछताछ की गई है जिसके बाद पुलिस ने उनके पास से सामान को बरामद किया. 22 मई को सोनारी न्यू ग्वाला बस्ती आदर्श नगर निवासी कुणाल कुमार के पिता विष्णु कुमार से मोबाइल की छिनतई हुई थी. इसके बाद पुलिस एक टीम का गठन कर छापेमारी करने लगी थी. इन तीनों ने शहर के कई इलाकों में छिनतई और लूट की घटना को अंजाम दिया था.
भू माफिया ने जमीन कब्जा करने को युवक पर किया जानलेवा हमला
# बागबेड़ा की घटना, राहुल सिंह जख्मी, एमजीएम में भर्ती
बागबेड़ा थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने राहुल सिंह नामक युवक पर जानलेवा हमला किया. जख्मी राहुल को इलाज के लिए बुधवार सुबह साकची के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसने बताया कि सोमवार की रात उसके घर में घुसकर पड़ोसी चितरंजन मंडल, शेखा, शेखा के पति और चितरंजन के एक दोस्त ने उसपर लाठी-डंडे से हमला किया. राहुल को सीने में काफी चोट आई है. उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी, पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची थी और 3 लोगों को पकड़ा था लेकिन थाने से ही उन्हें छोड़ दिया गया. राहुल ने कहा है कि मामले की शिकायत वह आला अधिकारियों से करेगा। राहुल ने बताया कि हमलावर चाहते हैं कि वह अपना घर छोड़कर भाग जाए ताकि वह उसकी जमीन पर कब्जा कर लें. उसकी जमीन सीपी टोला में है. उसकी दो क जमीन को आरोपी हड़पना चाहते हैं।
भाजपा नेता अभय सिंह के भाई पर लगा रंगदारी मांगने व महिला से मारपीट कर काम बंद कराने का आरोप
# निर्भय सिंह ने आरोपों को सिरे से किया खारिज, कहा- साजिश के तहत की गई शिकायत
# अपने साथ धोखाधड़ी होने की बात कही, पुलिस प्रशासन को बताएंगे पूरी हकीकत
# पुलिस के तक पहुंची शिकायत, पीडि़त चंद्रशेखर सिंह को कार्रवाई का इंतजार
शहर के साकची काशीडीह निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह के भाई निर्भय सिंह पर रंगदारी मांगने, महिला से मारपीट कर करने व निर्माण कार्य को रोकवाने का आरोप लगा है. हालांकि निर्भय सिंह ने आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है. इस मामले में काशीडीह लाइन नंबर 9 निवासी चंद्रशेखर सिंह ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है. अब उन्हें पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार है.
चंद्रशेखर सिंह का आरोप है कि बुधवार सुबह उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई, रंगदारी नहीं देने पर निर्भय सिंह आए और उनकी इमारत में चल रहे गेट के निर्माण कार्य को बंद करा दिया. काम कर रहे मजदूरों को भी मार कर भगा दिया. आरोप है कि चंद्रशेखर सिंह की मां पार्वती सिंह वहां पहुंची तो उनके साथ भी गाली गलौज व मारपीट की गई। चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि निर्भय सिंह ने उनकी मां पार्वती सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया. उनके सिर और छाती में काफी चोट आई है. चंद्रशेखर सिंह ने अपनी मां पार्वती सिंह को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है.
चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन पर बिल्डर्स के सहयोग से फ्लैट का निर्माण कराया है। उसमें 5 फ्लैट हैं जिनमें से 3 फ्लैट बिक गए हैं दो फ्लैट उनके अपने हैं। इनमें से एक फ्लैट में वह रहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जब फ्लैट का निर्माण हो रहा था तब निर्भय सिंह अपने भाई दिलीप सिंह के साथ आए थे और उन्होंने रंगदारी की मांग भी की थी. उस समय चंद्रशेखर सिंह के साथ मारपीट भी की थी. इस मामले में चंद्रशेखर सिंह ने साकची थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी. लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि बुधवार को जब गेट का काम हो रहा था तब निर्भय सिंह पहुंचे और मारपीट की. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि निर्भय सिंह का कहना है कि या तो पांच लाख दो वरना दोनों फ्लैट उनको सौप दो. उन्होंने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराया है लेकिन कोई नतीजा अब तक नहीं निकला है.
दूसरी ओर मामले में निर्भय सिंह ने कहा है कि उनके खिलाफ लगाए गए सारे आरोप बिल्कुल गलत हैं. सच्चाई तो यह है कि उन्होंने अपने नाम से फ्लैट की बुकिंग कराई थी. लेकिन बिल्डर ने बुकिंग करने के बाद भी फ्लैट नहीं दिया. फ्लैट लेने के लिए जब गए तो उल्टे उनके साथ लोग बहस करने लगे. वहां न तो रंगदारी मांगी गई और न ही किसी के साथ मारपीट की गई. निर्भय सिंह ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश के तहत आरोप लगाया गया है. अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का प्रतिवाद पुलिस प्रशासन के पास करेंगे. हम बताएंगे कि हमारे साथ धोखाधड़ी की गई है.
गालूडीह वाटर पार्क जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
# आजादनगर के आफताब को वाहन ने रौंदा
# तीन महीने पहले ही हुई थी शादी
अपने दोस्तों के साथ घाटशिला के गालूडीह वाटर पार्क जा रहे आजाद नगर निवासी एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतक का नाम आफताब बताया जाता है. तीन महीना पहले ही उसकी शादी हुई थी. उसकी मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया. 27 वर्षीय आफताब मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के मुर्दा मैदान के पास रहता था. बताते हैं कि वह अपने दो साथियों के साथ स्कूटी से बिरसा वाटर पार्क जा रहा था. रास्ते में एक ढाबे पर तीनों दोस्त खाना खाने के लिए वे रुके. खाना खाने के बाद ढाबे के बाहर आफताब को तेज रप्तार वाहन ने टक्कर मार दी. वाहन पर मुर्गियां लदी थीं. इस हादसे में आफताब की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुर्गी की गाड़ी को पीछे से एक बड़े ट्रक ने टक्कर मारी. उसके बाद मुर्गी की गाड़ी अनियंत्रित हो गई और आफताब को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के समय उसके दोनों दोस्त ढाबे में पानी पीने गए थे. आफताब बाहर उनका इंतजार कर रहा था. तभी यह दुर्घटना हुई.
दारोगा से उलझ गये शराबी, थाने में भी किया बवाल
# जुगसलाई की बिरयानी दुकान में हुआ था विवाद
जुगसलाई थाना क्षेत्र में स्थित एक बिरयानी दुकान से उपजा विवाद बुधवार को और गहरा गया. नशे में धुत्त तीन शराबी जुगसलाई थाना प्रभारी तरूण कुमार के साथ थाने में ही उलझ गये. हांलाकि पुलिस के समक्ष तीनों की एक नहीं चली.
विवाद जुगसलाई की एक बिरयानी दुकान से शुरू हुआ था. तब तीनों शराबी वहां बिरयानी के लिए गए हुये थे. बिरयानी दुकान में सामान देने में विलंब होने पर हो-हंगामा शुरू कर दिया. मामला इतना बढ़ गया कि तीनों ने एक टेंपो का शीशा तोड़ दिया और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की. उधर घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और एक शराबी को पकड़कर थाना ले गयी. इसके बाद पुलिस और दो शराबियों को पकड़कर ले गयी. इसके बाद तीनों शराबियों ने थाने पर ही हंगामा करना शुरू कर दिया. दिन के 2 बजे से शुरू हुआ विवाद देर शाम तक चलता रहा.
बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी
#आठ दिन के बाद थाना तक पहुंचा मामला
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबुडीह ग्वाला बस्ती के रहने वाले सिकंदर सिंह यादव के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 18 मई की देर रात नकदी और जेवरात की चोरी कर ली. सिकंदर यादव परिवार समेत 17 मई की रात को अपने गांव गये हुये थे. वे 24 मई की सुबह लौटे तब देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और घर के भीतर सामान बिखरे हुये हैं. इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी सिदगोड़ा थाने पर जाकर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस का कहना है कि नदी किनारे अवैध रूप से बनाये गये मकान में चोरी की घटना घटी है. वहां तक पुलिस की पेट्रोलिंगवैन को लेकर जाना संभव नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

