
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन के सामने खड़ी चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारिणी सदस्य आकाश मोदी की कार का शीशा तोड़कर अपराधियों ने अंदर से लैपटॉप बैग, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। यह घटना मंगलवार की शाम की है, जब आकाश मोदी अपनी कार पार्क कर भवन के अंदर गए थे।
घटना के बाद, आकाश मोदी ने चैंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका को इस बारे में सूचित किया, जिन्होंने तुरंत बिष्टुपुर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
चोरी की यह घटना पुलिस गश्ती दल और वोल्टास बिल्डिंग के पास नियमित चेकिंग के बावजूद हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस इलाके में नियमित पुलिस चेकिंग होती है, वहां इस प्रकार की घटना होना चिंताजनक है। हम पुलिस से दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।”
वर्तमान में पुलिस टीम द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और चैंबर के सदस्य भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

