
उदित वाणी जमशेदपुरः स्वीप कार्यक्रम के तहत आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल ने जिला समाहरणालय सभागार में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही समावेशी चुनावी प्रक्रिया में सबकी सहभागिता सुनिश्चित हो, इसे लेकर जन-जन तक मताधिकारी के प्रयोग को लेकर जागरुकता लाने की बात कही। अनन्य मित्तल ने कहा कि सुदृढ़ लोकतंत्र हेतु प्रत्येक मतदाता की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से 13 नवंबर को अपने मत का प्रयोग करने बूथों तक जाने और लोकतंत्र की मजबूती में अपना योगदान देने को कहा।
—————
विस चुनाव के कारण चौकीदार भर्ती परीक्षा टली, अब 17 नवंबर को होगी परीक्षा
जमशेदपुरः जिला में चौकीदार भर्ती को लेकर आगामी 20 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा विधानसभा चुनाव के कारण टाल दी गई है। अब यह परीक्षा 17 नवंबर को होगी।
विस चुनाव के मद्देनजर जिला में विभिन्न विधानसभा क्षेत्र के लिए नाम निर्देशन 18 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। जिला प्रशासन के चुनाव कार्य में अतिव्यस्तता के कारण चौकीदार भर्ती लिखित परीक्षा निर्धारित तिथि 20 अक्टूबर को को स्थगित कर दी गई है। लिखित परीक्षा की अगली तिथि 17 नवंबर को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक निर्धारित की गयी है। परीक्षा केन्द्र की सूची अभ्यर्थियों के क्रमांक के साथ जिला के बेवसाइट www.jamshedpur.nic.in पर परीक्षा तिथि से एक सप्ताह पूर्व जारी कर दी जाएगी।

