
उदित वाणी, रांची: 16 मई को प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक आहूत की गई है. कार्यसमिति की बैठक महिलौंग टाटीसिलवे स्थित सरला बिरला स्कूल सभागार में आयोजित की गई है.
उद्घाटन पूर्वाह्न 10.30 बजे और समापन अपराह्न 4 बजे होगा. प्रतिनिधियों का पंजीकरण पूर्वाहन 9 बजे से प्रारंभ होगा. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता आयोजित होनेवाली बैठक में राजनीतिक मुद्यों पर चर्चा के साथ ही पार्टी के अगले कार्यक्रमों पर निर्णय लिए जायेंगें.
बैठक के दौरान सांगठनिक विस्तार समेत महासंपर्क अभियान पर भी चर्चा की जायेगी. बैठक में प्रदेश प्रभारी सह राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई,पार्टी विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह द्वारा सांगठनिक विस्तार समेत आगामी महासंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन किया जायेगा.
वहीं बैठक में मार्गदर्शन देने के लिए महासंपर्क अभियान केंद्रीय टोली की सदस्या पूर्व सांसद सह पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री सरोज पांडेय भी शामिल होंगी.
इनके अलावा बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, कोर कमिटी सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, बिशेष आमंत्रित सदस्य, सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा प्रकोष्ठ, विभाग के संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, महासंपर्क अभियान के लिए गठित प्रदेश टोली के सदस्य व जिलों में गठित महासंपर्क अभियान के संयोजकों को आमंत्रित किया गया है.

