
उदित वाणी जमशेदपुर : झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की ओर से नई नियोजन नीति के खिलाफ सोमवार को आक्रोश रैली निकाली गई. इस दौरान साकची गोलचक्कर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया. यहां छात्र नेताओं ने 60-40 नाय चलतो, नियोजन नीति अविलंब वापस लो के नारे लगाए.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में जो नई नियोजन नीति लाई गई है, उसमें 60-40 के फार्मूला को अपनाया गया है और उसके साथ जिले के आरक्षण रोस्टर को भी हाल ही में जारी किया गया है. जेएसएससी द्वारा दो नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है. जिस नोटिफिकेशन में साफ पता चल रहा है कि झारखंड के लिए 60 प्रतिशत रिजर्व किया गया है और बाकी के 40 प्रतिशत पूरे भारत वर्ष के लिए खोल दिया गया है. इसलिए इस नीति से झारखंड के बेरोजगार युवाओं में आक्रोश है.
विरोध प्रदर्शन में युधिष्ठिर कुमार ने कहा कि जो जिला वार आरक्षण रोस्टर जारी हुआ है, उसमें में कुछ जिले में ओबीसी का आरक्षण ही समाप्त कर दिया गया है. प्रदर्शन में विक्रम गिरी, शामल, पतित पावन कुईला, गिरीश महतो, राजदेव सिंह, सुनील कुमार शामिल हुए.
