
उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर की बेहद विश्वसनीय और प्रतिष्ठित संस्था प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने एक गरिमामयी समारोह में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (Team PSF) के निदेशक अरिजीत सरकार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘मानव सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया है। पिछले 25 वर्षों से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की निस्वार्थ सेवा करने का फल आज उन्हें इस सम्मान के रूप में मिला है।
सम्मान पाकर अरिजीत सरकार थोड़े भावुक जरूर हुए। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी किसी सम्मान या पुरस्कार की लालसा (इच्छा) नहीं रखी, लेकिन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ (मीडिया) द्वारा दिया गया आज का यह सम्मान उनके लिए देश के किसी भी बड़े से बड़े ‘रत्न सम्मान’ से कम नहीं है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जायुक्त होकर कार्य करने की नई शक्ति प्रदान करेगा।
समाज सेवा की राह दिखाने वाली अपनी दिवंगत मां को समर्पित किया सम्मान
अरिजीत सरकार ने इस ऐतिहासिक सम्मान को अपनी पूजनीय माता जी स्वर्गीय नीला सरकार को समर्पित कर दिया। उन्होंने भरे गले से कहा कि जिस मां ने उन्हें बचपन से समाजसेवा की सच्ची राह दिखाई, उन्हें अलविदा कहे अभी महज छह महीने ही बीते हैं। यह पुरस्कार पूरी तरह से उनकी मां की स्मृतियों और प्रेरणा को समर्पित है।
यह भव्य सम्मान समारोह प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष, महासचिव, शहर के कई वरिष्ठ पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
जानिए क्यों मिला यह सम्मान? टीम पीएसएफ और अरिजीत सरकार के बड़े सामाजिक कार्य:
प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने अरिजीत सरकार और उनकी टीम पीएसएफ द्वारा किए गए निम्नलिखित ऐतिहासिक और जन-सरोकार से जुड़े कार्यों को रेखांकित करते हुए इस सम्मान के लिए चुना:विश्व रक्तदाता दिवस व वर्षभर रक्तदान: स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता को लेकर वर्षभर में 100 से अधिक सफल रक्तदान शिविरों का आयोजन करना।भीषण गर्मी में रिकॉर्ड कैंप: तपती गर्मी के उन 5 महीनों में (जब अक्सर ब्लड बैंकों में रक्त की भारी कमी हो जाती है) 50 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर मरीजों की जान बचाना।मेगा कैम्प्स की प्रेरणा: कोल्हान क्षेत्र में 10 से अधिक ऐसे सामाजिक संगठनों को तैयार करना, जो सक्षम रूप से 1000 यूनिट से अधिक का स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर सकें। एसडीपी (SDP) रक्तदान अभियान: मरीजों के लिए सबसे बड़ा एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) अभियान चलाना और इस मुहिम को एक राज्य से दूसरे राज्य तक फैलाकर गति देना।15 वर्षों से अनवरत भोजन सेवा: पिछले 15 सालों से बिना रुके प्रतिदिन 100 से अधिक असहाय और जरूरतमंद लोगों को पौष्टिक भोजन मुहैया कराना।सबर व आदिवासी उत्थान: सुदूर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले आदिवासियों और विलुप्तप्राय ‘सबर’ परिवारों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए काम करना, साथ ही सुदूर गांवों में कई ‘इज्जत घरों’ (शौचालयों) का निर्माण कराना।शिक्षा, मेडिकल और फर्स्ट एड: ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना, आपातकालीन मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराना और लोगों को उच्च गुणवत्ता युक्त ‘फास्ट एड ट्रेनिंग’ (प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण) देना।टाइम बैंक और मेडिकल फंड: देश में पहली बार किसी सामाजिक संगठन (Team PSF) के द्वारा अनूठी सोच के साथ ‘टाइम बैंक’ एवं ‘इमरजेंसी मेडिकल फंड बैंक’ की स्थापना करना।

