
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के महालीमुरूप और सीनी स्टेशनों के बीच रेलवे प्रशासन ने ट्रैक मॉडर्नाइजेशन के तहत बड़े स्तर पर स्लीपर बदलने का कार्य शुरू किया है। इसके लिए 12 और 14 जून को ट्रैक रिन्यूअल ट्रेन (टीआरटी) मशीन द्वारा डाउन लाइन में पुराने स्लीपरों की जगह नए स्लीपर लगाए जाएंगे।
रेल प्रशासन ने इस दौरान 9:30 बजे सुबह से 1:15 बजे दोपहर तक कुल 3 घंटे 45 मिनट का ब्लॉक लिया है, जिससे ट्रेनों का सामान्य परिचालन प्रभावित होगा। अधिकारियों के अनुसार, नए स्लीपर लगने के बाद महालीमुरूप-सीनी रेलखंड पर लागू स्पीड लिमिट को हटाया जा सकेगा और ट्रेनों की स्पीड व सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।
इस कार्य के चलते 11, 12, 13 और 14 जून को छह मेमू ट्रेनों के परिचालन को रद्द कर दिया गया है। 11 और 13 जून को 68127 चाकुलिया-टाटानगर मेमू तथा 68125 टाटानगर-बड़बिल मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी। 12 और 14 जून को 68126 बड़बिल-टाटानगर मेमू और 68128 टाटानगर-चाकुलिया मेमू ट्रेनें नहीं चलेंगी। इसके अलावा 12 जून को 68044 राउरकेला-टाटानगर और 68043 टाटानगर-राउरकेला मेमू भी रद्द की गई हैं।
रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा की सलाह दी है। नियमित इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को कुछ दिन असुविधा उठानी होगी, हालांकि रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस अल्पकालिक असुविधा के बदले क्षेत्र में रेल सेवा भविष्य में ज्यादा तेज, सुगम और सुरक्षित हो सकेगी।

