
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत हासाडुगरी स्थित एक बंद ईंट भट्टे में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के मशीनरी और कीमती सामान की चोरी कर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
चोरी की इस वारदात के बाद स्थानीय लोग काफी चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार, हासाडुगरी स्थित काला ईंट भट्टा पिछले कुछ समय से बंद था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने बीती रात भट्टे की छत पर लगे टिन को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और ईंट निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के महत्वपूर्ण पार्ट्स, लोहे के उपकरण सहित अन्य वस्तुएं चुरा लीं।
सुबह जब कर्मचारी भट्टे पर पहुंचे तो उन्होंने छत का टिन उखड़ा हुआ पाया और कई सामान गायब मिले, जिसके बाद मालिक जाकीर हुसैन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जाकीर हुसैन मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का आकलन किया। बाद में कपाली ओपी में लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामानों की सूची पुलिस को सौंपी गई।
शुरुआती अनुमान में चोरी गए सामानों की कीमत लाखों में आंकी गई है। कपाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, एक युवक से पूछताछ की जा रही है, परंतु अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही मामले के उद्भेदन का भरोसा दिलाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया है। क्षेत्र में बंद प्रतिष्ठानों को लगातार चोरों द्वारा निशाना बनाए जाने से लोगों में नाराजगी और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
