
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के संगीत प्रेमियों के लिए इस वर्ष 13 जून की शाम एक यादगार संगीत यात्रा का अवसर लेकर आ रही है। वेस्टर्न म्यूजिक क्लासेज, जमशेदपुर अपने वार्षिक कॉन्सर्ट ‘रिदम ऑफ लाइफ 2026’ का आयोजन कुडी महंती ऑडिटोरियम (जुस्को स्कूल के समीप) में करने जा रही है। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से आरंभ होगा, जिसमें 80 से 100 छात्र-छात्राएं अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस वार्षिक कॉन्सर्ट का मुख्य उद्देश्य उभरते संगीतकारों को मंच प्रदान करना और उनकी मेहनत, लगन एवं रचनात्मकता का उत्सव मनाना है। प्रतिभागी कई महीनों से विशेष प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्रों में जुटे रहे हैं और अब वे दर्शकों के समक्ष वोकल एवं इंस्ट्रूमेंटल प्रस्तुतियों के माध्यम से संगीत में अपनी दक्षता और आत्मविश्वास को प्रकट करेंगे।
कार्यक्रम का आकर्षण इसमें प्रस्तुत किए जाने वाले सोलो एवं ग्रुप परफॉर्मेंस होंगे, जिनमें कीबोर्ड, पियानो, गिटार, वायलिन, ड्रम्स, ऑक्टापैड और यूकुलेले जैसे विविध वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां शामिल होंगी। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वेस्टर्न म्यूजिक क्लासेज की अनुभवी फैकल्टी, जिसमें बेंजामिन दास, सुमन मुखर्जी, अनुष्का जल, पीटर, नाथानिएल, निखिल, रिचल और अजय शामिल हैं, ने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता और मंचीय प्रस्तुति की कला सिखाई है। यह आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए नि:शुल्क होगा और इच्छुक दर्शकों के लिए पास भी उपलब्ध हैं।
