
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष को प्रबंधन की ओर से अचानक शहर लौटने के निर्देश मिलने और टिनप्लेट डिवीजन, टीआरएफ, टीएसडीपीएल समेत अन्य यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ चीफ पीपुल ऑफिसर आत्रेई सान्याल के साथ हुई वार्ता ने बुधवार को इन कंपनियों के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौता को लेकर सरगर्मी बढ़ा दी.
सूत्रों के मुताबिक प्रबंधन ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी को फौरन जमशेदपुर पहुंचने के लिए संवाद भेजा. इस सूचना के मिलते ही अध्यक्ष शाम तक शहर पहुंच गए. उल्लेखनीय है कि संजीव कुमार चौधरी की पत्नी गुड़गांव के एक हॉस्पिटल में इलाजरत हैं, जहां उनकी सर्जरी होनी है. शहर पहुंचने पर अध्यक्ष की शाम में प्रबंधन के साथ वार्ता भी हुई.
इधर टिनप्लेट डिवीजन, टीआरएफ, टीएसडीपीएल के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौता को लेकर संबद्ध कंपनी के यूनियनों के पदधारी के साथ भी प्रबंधन ने वार्ता की. सूत्रों के मुताबिक इन कंपनियों के वेज रिवीजन पर लगभग सहमति बन चुकी है. दूसरी ओर कलिंगानगर यूनियन को प्रबंधन ने शुक्रवार को शहर बुलाया है. इसलिए संभावना है कि शुक्रवार को समझौता हो जाएगा. प्रबंधन ने गुरुवार को दोपहर दो बजे इन सभी यूनियनों के साथ वार्ता करेगा.

