
उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क, विद्युत विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ एनटीए एवं परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई.
जिले के 6 शिक्षण संस्थानों में बनाए गए 8 परीक्षा केंद्र
बैठक में बताया गया कि जिला अंतर्गत 6 शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां चार हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे. परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी. इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
परीक्षा का आयोजन निम्नलिखित केंद्रों पर किया जाएगा—
1. लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह
2. को-ऑपरेटिव कॉलेज
3. वीमेन्स यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर
4. द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स
5. राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा
6. एलबीएसएम कॉलेज, गोलमुरी
सुरक्षा, यातायात और क्राउड मैनेजमेंट पर विशेष जोर
उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ क्राउड मैनेजमेंट, शहर में सुगम यातायात व्यवस्था तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि प्रमुख चौक-चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी.
सभी अभ्यर्थियों की होगी कड़ी फ्रिस्किंग, पूरी प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग की जाएगी तथा परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए गाइडलाइन के अनुरूप केवल सरकारी कर्मियों की ही इनविजिलेटर के रूप में प्रतिनियुक्ति की जाए.
परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्रों को किया जाएगा सील
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज कर सील किया जाए. साथ ही विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा.
कई विभागों के पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उप समाहर्ता, डीआईओ, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ट्रैफिक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

