
उदित वाणी गिरिडीह : गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत महारायडीह गांव में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। समधी मिलन कार्यक्रम से ठीक पहले घर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर मौजूद बराती और सराती समेत करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद शादी की खुशियां पलभर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महारायडीह निवासी शमशेर आलम की पुत्री का विवाह समारोह आयोजित था। बारात देवरी प्रखंड के धोतो गांव से आई हुई थी। रात में समधी मिलन कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी और बड़ी संख्या में लोग घर के सामने एवं छज्जे के आसपास एकत्रित थे। इसी दौरान अचानक घर का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों, परिजनों और जनप्रतिनिधियों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को आनन-फानन में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार छह लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। जबकि अन्य घायलों का इलाज गिरिडीह तथा धनबाद के विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस और देवरी अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर छज्जे की जर्जर स्थिति अथवा अत्यधिक भार को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है। जिस घर में शादी की रस्में और खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक हुए हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं क्षेत्र के लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

