
उदित वाणी जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र स्थित बांगुड़दा साहेब बांध के पास बुधवार को एक स्कॉर्पियो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कथित गोवंश तस्करी का मामला सामने आया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन के भीतर से दो गोवंश बरामद किए गए।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सफेद रंग की स्कॉर्पियो में दोनों गोवंशों को बेहद संकुचित अवस्था में बांधकर ले जाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर बांगुड़दा साहेब बांध के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक और अन्य सवार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त वाहन पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वाहन के अंदर दो गायें बंधी हुई मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल कमलपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर गौशाला भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पश्चिम बंगाल की सीमा के काफी करीब है और रात के अंधेरे में गोवंशों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस वाहन के चालक और मालिक की पहचान करने में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्कॉर्पियो समेत अन्य वाहनों के जरिए गोवंश तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। लगातार कार्रवाई के बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।

