
उदित वाणी गिरिडीह : जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीह ओपी के सियाटांड़ स्थित भारत पेट्रोल पंप के बगल से गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डस्ट लदा एक हाईवा अचानक आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कुछ ही देर में हाईवा धू-धू कर जलने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में अचानक धुआं उठने के बाद आग लग गई। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तत्परता दिखाई और समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा हाईवा जलकर राख हो गया। वाहन में डस्ट (पत्थर का चूरा) लदा हुआ था।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। हालांकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही आसपास के अन्य वाहनों या संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। इस घटना में केवल हाईवा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

