
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन ने ईपीएस-95 (EPS-95) के अंतर्गत हायर पेंशन का विकल्प चुनने के लिए एक महीने का अतिरिक्त विंडो खोलने की मांग की है. यूनियन ने इस संबंध में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय को पत्र लिखा है.यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी द्वारा हस्ताक्षरित पत्र रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को दिया गया. पत्र में कहा गया है कि चारों नए लेबर कोड्स की अधिसूचना के बाद ईपीएफओ (EPFO) के पोर्टल पर हायर पेंशन का विकल्प चुनने के लिए एक महीने का विशेष विंडो खोला जाए.
पत्र के प्रमुख बिंदु
1. यूनियन ने केंद्रीय न्यासी बोर्ड और ईपीएफओ से अपील की है कि हायर पेंशन के लिए पोर्टल एक महीने के लिए फिर से खोला जाए.
2. यूनियन का मानना है कि यह कदम संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के भविष्य की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करने की दिशा में प्रगतिशील होगा.
3. श्रमिकों के हित में इस मामले पर गंभीरता से विचार करने और भारत सरकार को उचित नीतिगत कार्रवाई की सिफारिश करने का अनुरोध किया गया है.
4. यदि आवश्यक हो तो यूनियन अपनी बात रखने के लिए मंत्रालय के समक्ष उपस्थित होने को तैयार है.
हजारों मजदूरों की इस पर नजर
पत्र में टाटा वर्कर्स यूनियन ने खुद को संगठित औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों का प्रतिनिधित्व करने वाला बताया है. यह मांग उन हजारों टाटा स्टील और अन्य औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो EPS-95 के तहत हायर पेंशन का लाभ लेना चाहते हैं. यूनियन के इस प्रतिनिधित्व पर अब केंद्र सरकार और EPFO का क्या रुख होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

