
उदित वाणी, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति पर अपनी तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी बेटियों पलवी कुमारी (12 वर्ष), रिद्धि कुमारी (7 वर्ष) और सिद्धि कुमारी (7 वर्ष) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना देर रात की बताई जा रही है, जबकि सोमवार सुबह मामला प्रकाश में आया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों और परिजनों के बीच शोक का माहौल है

