
उदित वाणी झारखंड: भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने एक दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचे। रांची से बोकारो आने के क्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
नया मोड़ बिरसा चौक पर उमड़ी भारी भीड़
बोकारो पहुंचने पर नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर भाजपा के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन को फूल-गुलदस्ता देकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा और उत्साह का मिला-जुला माहौल देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं से सीधे मिले नितिन नवीन
स्वागत से अभिभूत होकर नितिन नवीन अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और वहां मौजूद सभी कार्यकर्ताओं से बारी-बारी मुलाकात की। राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बीच पाकर भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश हाई (High) नजर आया।
15 दिनों के प्रवास का मिलेगा लाभ
कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के बोकारो आने से पूरी टीम में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं ने याद दिलाया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले नितिन नवीन यहाँ 15 दिनों के संगठनात्मक प्रवास पर रह चुके हैं। इस वजह से उन्हें बोकारो के जातिगत समीकरण की जमीनी समझ है। वे क्षेत्र में पार्टी की मजबूती और कमजोरी से पूरी तरह वाकिफ हैं।
झारखंड और बोकारो में जीत का दावा
कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए दावा किया कि नितिन नवीन के कुशल नेतृत्व और जमीनी अनुभव के दम पर आने वाले समय में झारखंड और बोकारो में भाजपा ऐतिहासिक व बेहतर प्रदर्शन करेगी।

