
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र की पीएनबी कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय चिंता कुमारी बीते कुछ दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। उनके अचानक गायब हो जाने से परिवार के लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। इस संबंध में उनके पति अमरजीत कुमार महतो ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी की खोजबीन में पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, 3 जून की रात करीब एक बजे किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद चिंता कुमारी घर से निकल गईं। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिवार की चिंता इसलिए भी अधिक है क्योंकि चिंता कुमारी छह माह की गर्भवती हैं। उनके लापता होने से परिजन मानसिक तनाव में हैं और सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
लापता महिला के बारे में बताया गया है कि वह काला चेकदार सूट और पैरों में काला हवाई चप्पल पहने हुई थीं। उनकी लंबाई लगभग 5 फीट 3 इंच, रंग सांवला है तथा वह हिंदी और भोजपुरी भाषा बोलती हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सोनारी थाना को सूचित करें, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके।

