उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा प्रस्तावित बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल (Birsa Munda Town Hall Sidgora) में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सह वक्ता के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता श्री बिनोद कुमार पाण्डेय (Binod Kumar Pandey) उपस्थित हुए. उन्होंने सर्वप्रथम पार्टी के वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर रखे गए शहीद एवं पार्टी के अमर सेनानियों के छाया चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर इस विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया.

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों को खतरा: बिनोद कुमार पाण्डेय
सभा में उपस्थित जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं नगर शाखाओं से आए बूथ अध्यक्षों और नवनियुक्त बूथ स्तरीय मतदाता अभिकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव श्री विनोद कुमार पाण्डेय ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) देश में पहली बार नहीं हो रहा है, बल्कि इससे पहले भी 8 बार हो चुका है. परंतु, इस बार हो रहे SIR से उन मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों को सीधा खतरा है जो अपने अधिकारों के लिए सजग हैं और वर्तमान केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोधी हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस SIR के माध्यम से सर्वप्रथम उन्हें मतदाता सूची से हटाकर मतदान और नागरिकता से वंचित किए जाने की योजना है, और फिर उन्हें मिल रही नागरिक व सरकारी सुविधाओं से दूर कर दिया जाएगा. उन्होंने इसका ताजा उदाहरण विगत बिहार चुनाव को बताया, जहाँ लाखों नागरिक नागरिकता से वंचित होकर आज नागरिक और सरकारी सुविधाओं से भी महरूम हैं और उनके ऊपर देश से पलायन की तलवार लटक रही है. आगे बंगाल में भी मतदान से वंचित किए गए मतदाताओं के साथ यही होगा.
हर बूथ पर सजग रहने का आह्वान, हेमंत सोरेन सीधे रहेंगे संपर्क में
श्री बिनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM Jharkhand) के सभी कार्यकर्ताओं को भी राज्य में सजग रहने की आवश्यकता है. उन्होंने पार्टी द्वारा नियुक्त किए गए बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं को SIR को एक आंदोलन के रूप में लेने और निष्ठापूर्वक शपथ लेकर अपने मतदान केंद्र से एक भी जायज मतदाता का नाम नहीं कटने देने का आह्वान किया.
उन्होंने आगे बताया कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री हेमन्त सोरेन (CM Hemant Soren) के निर्देशानुसार, पार्टी ने यह बड़ा निर्णय लिया है कि बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता पार्टी की सबसे प्रमुख कड़ी के रूप में जाने जाएंगे. उनसे स्वयं केंद्रीय अध्यक्ष और पदाधिकारी सीधे संपर्क में रहेंगे. उनसे सिर्फ चुनाव के लिए नहीं, बल्कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की भी नियमित जानकारी ली जाएगी.
तकनीकी विशेषज्ञ टीम ने प्रोजेक्टर से दी जानकारी
पार्टी के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव के साथ आई एक तकनीकी विशेषज्ञ टीम ने प्रोजेक्टर द्वारा ऑडियो-वीडियो माध्यम से SIR से संबंधित तकनीकी जानकारियां विस्तार से दीं. यह ट्रेनिंग उपस्थित पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों, केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्यों, केंद्रीय सदस्यों, जिला के पदाधिकारियों, महानगर संयोजक मंडली के सदस्यों, प्रखंडों के अध्यक्ष एवं सचिवों, पंचायत के अध्यक्ष एवं सचिवों, शाखाओं के अध्यक्ष एवं सचिव, बूथ अध्यक्षों और बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं को दी गई. साथ ही आवश्यकतानुसार सहयोग के लिए सदैव उपस्थित रहने का आश्वासन भी दिया गया.
कार्यक्रम में झामुमो के इन दिग्गज नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस विशाल राजनैतिक कार्यक्रम में मुख्य रूप से निम्नलिखित नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे:
केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ विधायक सविता महतो
आंदोलनकारी नेता मोहन कर्मकार
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी
पोटका विधायक संजीव सरदार
घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदयातुल्लाह खान
गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी
पूर्व सांसद सुमन महतो
पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी
पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू
जिला परिषद की अध्यक्षा बारी मुर्मू व उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा
चाकुलिया नगर परिषद की अध्यक्ष सोमबारी सोरेन
केंद्रीय सदस्य: शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, बाघराई मारडी, वीर सिंह सुरीन, सागेन पूर्ति, अंकित सिंह सूर्यवंशी, रतन महतो, विधासागर दास, प्रणव महतो, ललित मारडी, चंद्रशेखर टुडू, माणिक मल्लिक, नासिर खान, प्रीतम हेंब्रम, खुददू ओराव, सुनील महतो, लालटू महतो, महावीर मुर्मू, चंद्रावती महतो, नान्तु सरकार, अभय पाण्डेय, धीरेन मारडी, पिंटू लाल.
इनके समेत विभिन्न प्रखंडों से आए हुए अध्यक्ष व सचिव, पंचायतों के अध्यक्ष व सचिव, नगर शाखाओं के नगर सचिव, जिले के संबंधित बूथों के अध्यक्ष और अधिकृत किए गए बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता समेत पार्टी के कई वरीय कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया, और धन्यवाद ज्ञापन जिला सचिव रतन महतो द्वारा किया गया.


