उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल रॉड भी बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो अपने भाइयों के साथ झाबरी बस्ती में रहता था। जानकारी के अनुसार रविवार रात दोनों भाई नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई दुखू हेंब्रम ने सनातन के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी घायल भाई को घर लेकर आया और कमरे में सुला दिया, लेकिन उसने परिवार के अन्य सदस्यों को मारपीट की जानकारी नहीं दी। घरवालों को लगा कि सनातन नशे की वजह से सो रहा है। सोमवार पूरे दिन वह कमरे में पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसकी हालत पर ध्यान नहीं दिया।
सोमवार रात जब आरोपी काम से लौटकर कमरे में गया तो सनातन मृत अवस्था में मिला। इसके बाद उसने परिवार को घटना की जानकारी दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यदि घायल सनातन को समय पर इलाज मिल जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


