उदित वाणी, जमशेदपुर: जून महीने में सफर की योजना बना रहे यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने टाटानगर से खुलने और गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने संबंधी अपना फैसला वापस ले लिया है। अब 7 से 18 जून के बीच चलने वाली सभी प्रभावित ट्रेनें अपने निर्धारित समय और तय शेड्यूल के अनुसार संचालित होंगी।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के चांपा स्टेशन के आसपास सिग्नल एवं परिचालन प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए तकनीकी कार्य प्रस्तावित था। ट्रेनों की रफ्तार और संचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से लाइन ब्लॉक लेने की योजना बनाई गई थी। इसी कारण पहले टाटानगर समेत हावड़ा, संतरागाछी और शालीमार से चक्रधरपुर-राउरकेला मार्ग होकर छत्तीसगढ़ जाने वाली करीब दर्जनभर ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के मार्ग परिवर्तन का आदेश जारी किया गया था। हालांकि रेलवे प्रशासन ने अब अपने पूर्व आदेश को निरस्त कर दिया है। फैसले के बाद हावड़ा-मुंबई रेलखंड पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
वहीं, आदेश वापसी के कारण कुछ यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। दरअसल, ट्रेन रद्द होने की सूचना के बाद कई लोगों ने अपने कन्फर्म टिकट रद्द करा दिए थे। अब दोबारा टिकट बुक कराने में उन्हें सीट उपलब्धता की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में टिकट बुकिंग के लिए यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
रेलवे ने जिन प्रमुख ट्रेनों को पहले रद्द करने का निर्णय लिया था, उनमें बिलासपुर, इतवारी, आरा, ऋषिकेश, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, दुर्ग, उदयपुर, भुज और रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल थीं। अब ये सभी ट्रेनें सामान्य रूप से अप और डाउन दिशा में संचालित होंगी।


