उदित वाणी, गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा विस्फोटक रूप ले लिया कि पूरा गांव घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामे का गवाह बना रहा। चार बच्चों का पिता पिंटू कुमार जब एक दूसरी महिला को लेकर अपने घर पहुंचा तो घर में हंगामा मच गया और देखते ही देखते मामला पूरे गांव में फैल गया।
बताया जाता है कि पहली पत्नी और परिवार के लोगों ने दूसरी महिला के घर पहुंचने का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया। इसी बीच सूचना मिलने पर पहली पत्नी के मायके से कई महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि गुस्साई महिलाओं को जब पिंटू कुमार नहीं मिला तो उन्होंने उसकी मां मालती देवी को पकड़ लिया। मालती देवी स्वास्थ्य विभाग में सहिया के पद पर कार्यरत हैं। महिलाओं ने बेटे को बुलाने की मांग करते हुए उन्हें गांव के बीच बिजली के खंभे से बांध दिया। यह दृश्य देखते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मालती देवी को खंभे से मुक्त कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मालती देवी ने आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट भी की गई, जबकि दूसरी ओर महिलाओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पिंटू कुमार और उसके साथ आई महिला को थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है। महिला के पहले से विवाहित होने और तलाक संबंधी चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एक व्यक्ति के निजी फैसले से शुरू हुआ विवाद रविवार को पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बना रहा। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।


