उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत मुकरुडीह पंचायत के पंचायत सचिव सुजीत कुमार (30) का शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. करीब 2 साल पूर्व नियुक्त हुए सुजीत कुमार के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. बीडीओ किकू महतो ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही वे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मुकरुडीह पंचायत की मुखिया बिनता हांसदा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सुजीत कुमार बेहद मिलनसार और कर्मठ व्यक्ति थे. वे पंचायत मंडप में रहकर पूरी निष्ठा के साथ पंचायत का कार्य संभालते थे. शुक्रवार सुबह भी वे मॉर्निंग वॉक के बाद पंचायत कार्यालय में अपने नियमित कार्यों में जुटे हुए थे. उनके अचानक निधन की खबर से सभी स्तब्ध हैं. मुखिया ने बताया कि आम लोगों के प्रति उनका व्यवहार काफी अच्छा था, जिसके कारण वे पंचायत क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे. परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार पांच भाई-बहनों में मझले थे. उनके एक भाई पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई होमगार्ड जवान हैं. उनके पिता भी हाल ही में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे.


