उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गणगौर मिष्ठान की फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर से उठता धुआं आसमान में फैल गया और कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप ले लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय फैक्ट्री से पहले धुएं का गुबार निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों को मामूली तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ, लेकिन कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं और आग ने फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घटना की जानकारी तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान में जुट गईं। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार शुरू की। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी था।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारण घटना की वजह हो सकते हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। घटना की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ पाएगी।


