उदित वाणी आजादनगर : बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके लिए बाहर से भी एक्स्ट्रा फोर्स मंगाई गई है।
सिटी SP ललित मीणा ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।
इसके अलावा सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में नजर रखेंगे। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


