उदित वाणी आजादनगर : आजादनगर थाना क्षेत्र के बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पटमदा सर्किल के डीएसपी दयानंद कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर ईदगाह आने का न्योता दिया। प्रतिनिधिमंडल ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर डीएसपी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पटमदा सर्किल डीएसपी दयानंद कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन हमेशा सभी पर्व-त्योहारों में आम जनता के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी पुलिस टीम बकरीद के मौके पर लोगों के बीच मौजूद रहेगी तथा सभी नागरिकों को ईद की मुबारकबाद भी देगी।
प्रतिनिधिमंडल में आजादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान, ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट के सदस्य मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी, निर्भेराम स्कूल की शिक्षिका एवं समाजसेवी सुश्रीता राय, एजाज अंसारी, शाहिद परवेज, परडीह दुर्गा पूजा समिति के अभिभावक अपूर्वा पॉल तथा मोहम्मद आफताब आलम समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे।प्रतिनिधिमंडल ने बकरीद के पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील भी की।


