उदित वाणी , रामगढ़ : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत श्रीराम चौक के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग भीषण सड़क हादसा हुआ। रांची से हजारीबाग जा रही हेमकुंट बस ने सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, हादसे के वक्त बस चालक का ध्यान मोबाइल फोन की ओर चला गया, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खराब ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कुजू और मांडू पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर थाना परिसर पहुंचाया गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


