उदित वाणी झारखंड: झामुमो नेताओं के ऊपर महापौर भाजपा के विरुद्ध गलत बयानबाजी करने का आरोप आदित्यपुर (का.प्र.): भाजपा नेताओं ने राज्य की हेमन्त सोरेन सरकार के ऊपर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को पूर्णतः ठप्प करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में आज आहूत प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर संजय सरदार आम लोगों के हित तथा उनकी समस्याओं के निदान की दिशा में लगातार सक्रिय हैं.
उन्होंने झामुमो नेताओं के ऊपर महापौर और भाजपा के विरुद्ध गलत बयानबाजी करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर प्रशासनिक टीम के द्वारा नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का काम कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है तथा स्थानीय विधायक सह पूर्व मुख्य मंत्री चम्पाई सोरेन और महापौर संजय सरदार के बीच पूरा तालमेल है. आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास और नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वाले आम लोगों के हित में जो भी निर्णय होगा.
उस संबंध में स्थानीय विधायक सह पूर्व मुख्य मंत्री, नगर निगम के महापौर और भाजपा संगठन द्वारा संयुक्त रुप से निर्णय लिया जाएगा. इस अवसर पर उद्योग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार उर्फ बबलू सिंह, जिला भाजपा के उपाध्यक्ष देवेश महापात्रा, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, मंडल अध्यक्ष किशन प्रधान, गुरजीत सिंह, बिशु महतो, दिनेश साह, नीरु सिंह, सपन दास, संजीव सिंह उर्फ पाव सिंह उपस्थित थे.


