उदित वाणी, जमशेदपुर : नालसा एवं झालसा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर द्वारा नब्बे दिनों तक लगातार चलने वाले विधिक जागरूकता सह जनसंपर्क अभियान के तहत बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम पीएम श्री कस्तूरबा गाँधी वालिका विद्यालय बांगुरदा, पटमदा में बच्चों के बीच आयोजित हुआ.
मुख्य और विशिष्ट अतिथियों ने दी डालसा की जानकारी
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी उपस्थित हुए. वहीं विशिष्ट अतिथियों में एलएडीसी चीफ विदेश सिन्हा, एलएडीसी सहायक सदस्य मनोज कुमार एवं कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार शामिल रहे. इन सभी अतिथियों द्वारा स्कूली बच्चों को डालसा के कार्य और उसके मुख्य उद्देश्यों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया.
पॉक्सो एक्ट, साइबर ठगी और मौलिक अधिकारों पर विस्तृत चर्चा
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को जागरूक करते हुए नागरिकों के मौलिक अधिकार और कर्तव्य, शिक्षा के अधिकार, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, नशा मुक्ति, डायन प्रथा, मानव तस्करी एवं साइबर ठगी जैसे गंभीर विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोग
इस विधिक जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की वार्डन कुमारी सारो हांसदा, शिक्षिका रजनी मुर्मू एवं डालसा के पीएलवी (PLV) शिब शंकर महतो, नंदा रजक, फटिक चंद्र महतो, बुधेश्वर मुर्मू एवं लक्ष्मीकांत गोप मुख्य रूप से मौजूद थे.


