उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जुगसलाई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसके तार सीधे कोलकाता से जुड़े पाए गए हैं. पुलिस ने गरीब नवाज कॉलोनी निवासी अमजद अली को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार जुगसलाई थाना पुलिस ने खरकई रेल ओवर ब्रिज के समीप छापेमारी कर अमजद अली को रंगे हाथों पकड़ा. तलाशी के दौरान उसके पास से 10 बोतल कोडीन युक्त सिरप और 52 पीस कोरेक्स बरामद किए गए. पुलिस के मुताबिक जब्त दवाएं प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और इनका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है.
पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं. अमजद ने बताया कि वह इन नशीली दवाओं को शहर के युवाओं और नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था. उसने पुलिस को यह भी बताया कि दवाओं की खरीदारी धातकीडीह स्थित “सबा मेडिकल” से की जाती थी. इसके बाद पुलिस ने अमजद अली, सबा मेडिकल के संचालक तथा कोलकाता के एक अज्ञात सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि कोलकाता से अवैध तरीके से प्रतिबंधित दवाओं की खेप जमशेदपुर भेजी जाती थी, जिसे बाद में शहर के विभिन्न इलाकों में खपाया जाता था. अब पुलिस इस पूरे मामले को अंतरराज्यीय नशीली दवा सप्लाई नेटवर्क मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है.
गौरतलब है कि जुगसलाई क्षेत्र में इससे पहले भी नशीली दवाओं के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई हो चुकी हैं. 7 अप्रैल को बोल बम ट्रांसपोर्ट में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 9.66 लाख रुपये मूल्य की 20 पेटी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की थी. वहीं 15 अप्रैल को गौरी शंकर रोड निवासी झोला छाप डॉक्टर मुमताज अहमद को 174 बोतल टी ब्रानकॉफ सिरप और 770 प्रतिबंधित टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया था.


