उदित वाणी, आदित्यपुर : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन के हस्तक्षेप के बाद जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में आज से बड़े पैमाने पर शुरू होने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियान की रूपरेखा बदल दी गई है. प्रशासन द्वारा अब मंगलवार से केवल आदित्यपुर-काण्ड्रा मुख्य मार्ग तथा मुख्य मार्ग के सर्विस लेन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का कार्य किया जाएगा.
निगम और आवास बोर्ड की बैठक में बनी आम सहमति
इससे पूर्व, स्वर्णरेखा निरीक्षण भवन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक श्री सोरेन के द्वारा आदित्यपुर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश और आवास बोर्ड के कार्यपालक अभियंता अरशद हुसैन के साथ एक अहम बैठक की गई. इस बैठक में आम सहमति बनते हुए आदित्यपुर थाना रोड और जियाडा भवन के पीछे की सड़क से फिलहाल अतिक्रमण हटाने पर रोक लगा दी गई है, जिससे सैकड़ों छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है.
प्रशासनिक कार्रवाई के डर से दुकानदारों ने स्वयं हटाया अतिक्रमण
दूसरी ओर, प्रशासनिक कार्रवाई के भय से सोमवार को आकाशवाणी चौक, आदित्यपुर के पास मुख्य मार्ग के सर्विस लेन पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने स्वतः ही अपनी दुकानों को हटा लिया अथवा अपनी दुकानों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया. हालांकि, नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आम जनता को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों से हर हाल में अतिक्रमण हटाया जाएगा.
सीतारामपुर डैम में शीघ्र शुरू होगी जुस्को की बिजली आपूर्ति
नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट की समस्या पर चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि सीतारामपुर डैम में जुस्को (JUSCO) की बिजली आपूर्ति शुरू कराने का प्रयास गंभीरतापूर्वक शुरू कर दिया गया है, ताकि आम लोगों को बार-बार उत्पन्न होने वाली बाधित पेयजलापूर्ति की समस्या का सामना न करना पड़े. सीतारामपुर डैम में जुस्को की बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए जिला उपायुक्त से वार्ता की गई है तथा उनके द्वारा सार्थक पहल करने की बात कही गई है.
जनता से भयभीत न होने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने आम लोगों से अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर भयभीत न होने की अपील की तथा क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि इलाके में व्याप्त पानी की समस्या का शीघ्र ही समाधान कर लिया जाएगा. इस अवसर पर मुख्य रूप से वकील सोरेन, चंचल गोस्वामी, रंजीत प्रधान, ब्रह्मानन्द झा उर्फ नुनु झा, सपन दास, गणेश कालिंदी और विशू महतो आदि उपस्थित थे.


