उदित वाणी, जमशेदपुर: शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए श्रीनाथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग द्वारा आयोजित होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन सस्टेनेबल रिसर्च एंड इनोवेशंस (ICSRI-2026)” का उद्घाटन समारोह विश्वविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वैश्विक स्तर के इस बेहद महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य आयोजन आगामी 15 एवं 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में शिक्षा जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर मुख्य रूप से शंभू संध्या एजुकेशनल ट्रस्ट की माननीय ट्रस्टी सदस्य श्रीमती अनीता महतो, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस. एन. सिंह, कुलसचिव डॉ. यह्या मजूमदार और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के प्रमुख श्री शशिकांत महतो सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सम्मेलन की कोर कमेटी और मुख्य उद्देश्य
इस बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सुचारू संचालन के लिए एक मजबूत आयोजन टीम का गठन किया गया है। सम्मेलन के मुख्य संयोजक असिस्टेंट डीन रिसर्च डॉ. सैलेश सरांगी एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. कमलेंद्र विक्रम हैं। वहीं, डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, डॉ. प्रीति साहू एवं डॉ. वसीम अकरम को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सम्मेलन के दूरगामी उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आयोजकों ने बताया कि ‘ICSRI-2026’ का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग को बढ़ावा देना, उभरती हुई नई तकनीकों एवं औद्योगिक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा करना तथा नवाचार (इन्नोवेशन) एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करना है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के छात्र, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता एक साथ भाग ले सकेंगे।
एआई, रोबोटिक्स और एडवांस मैटेरियल्स जैसे आधुनिक विषयों पर होगा मंथन
सम्मेलन के प्रमुख विषयों में (AI-based Space Robotics), (Advanced Composite Materials) तथा (Sustainable Tribological Systems) जैसे आधुनिक और तकनीकी विषय शामिल हैं।
इस सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और विशेषज्ञ मुख्य वक्ता (Keynote Speakers) के रूप में शामिल होकर अपना ज्ञान साझा करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मुख्य वक्ता: क्रोएशिया के यूनिवर्सिटी ऑफ स्लावोंस्की ब्रॉड के प्रो. डॉ. ड्राजन कोजाक तथा साइप्रस के ईस्टर्न मेडिटेरेनियन यूनिवर्सिटी के डॉ. बाबक सफई मुख्य रूप से शामिल हैं।
राष्ट्रीय मुख्य वक्ता: एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (चेन्नई) के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के रिसर्च प्रोफेसर डॉ. शुभब्रत दत्ता, मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार कटियार, राजलक्ष्मी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (चेन्नई) के डॉ. कनक कलिता, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के प्रो. संजय, एनआईटी सिलचर के डॉ. प्रसून मंडल तथा एशियन डेवलपमेंट रिसर्च इंस्टीट्यूट (पटना) के जियोस्पेशियल वैज्ञानिक डॉ. अर्पण शर्मा अपने विचार रखेंगे।
स्कोपस और एससीआई इंडेक्स्ड जर्नल्स में प्रकाशन; जानिए महत्वपूर्ण तिथियां
आयोजक डॉ. शैलेश सरांगी एवं डॉ. कमलेंद्र विक्रम ने शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस सम्मेलन में प्रस्तुत किए जाने वाले उत्कृष्ट शोध पत्रों (Research Papers) का प्रकाशन विख्यात ‘स्कोपस’ एवं ‘ (SCI Indexed Journals) में किया जाएगा। उन्होंने सम्मेलन से जुड़ी महत्वपूर्ण समय-सीमा की घोषणा इस प्रकार की:
(Registration) प्रक्रिया: 5 जून से 15 सितंबर 2026 तक
(Abstract) जमा करने की अंतिम तिथि: 15 जुलाई 2026
(Full Paper) जमा करने की अंतिम तिथि: 25 सितंबर 2026
वर्तमान में जो भी प्रतिभागी इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे आधिकारिक ईमेल आईडी icsri2026@srinathuniversity.ac.in के जरिये अपना एब्स्ट्रैक्ट भेजकर प्रक्रिया की शुरुआत कर सकते हैं।


