उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में हुए जानलेवा हमले के पीड़ित मानगो निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद मुमताज ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी. शुक्रवार सुबह रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार 10 मई की रात भालूबासा इलाके में कुछ युवकों ने मोहम्मद मुमताज पर धारदार हथियार और भारी वस्तु से हमला कर दिया था. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां आई सी यू में उनका इलाज चल रहा था. हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया था.
घटना के बाद मुमताज के छोटे भाई मोहम्मद फैयाज ने रोहित मुखी, राजू मुखी समेत अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. फैयाज ने बताया कि मुमताज परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे.
थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित मुखी और राजू मुखी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. इधर, शव के जमशेदपुर पहुंचने के बाद परिजनों ने चेपा पुल के पास शव रखकर प्रदर्शन किया और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई.


