उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. 13 मई को कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहरी क्षेत्र के सभी डीएसपी, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर भी मौजूद रहे.
गोष्ठी के दौरान लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पुराने मामलों, लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया.
बैठक में अवैध हथियारों के कारोबार और नशे के नेटवर्क पर भी कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया. पुलिस अधिकारियों को ड्रग्स पेडलरों एवं हथियार तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी तथा लंबित पासपोर्ट सत्यापन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश भी दिया गया.
आगामी बकरीद पर्व को लेकर एसएसपी ने संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, लगातार गश्ती बढ़ाने और शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शहर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.


