उदित वाणी जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह लाइन नंबर-23 निवासी 61 वर्षीय परवीन जायसवाल की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, परवीन जायसवाल अपने भतीजे की रिसेप्शन पार्टी की तैयारियों में व्यस्त थे। 26 अप्रैल को धालभूम क्लब में आयोजित होने वाले रिसेप्शन समारोह को लेकर घर में जोर-शोर से तैयारी चल रही थी। इसी दौरान शाम के समय वह रसोईघर की ओर गये। बताया जाता है कि अचानक उन्हें चक्कर आ गया और संतुलन बिगड़ने से वह खौलते तेल से भरे बर्तन में गिर पड़े। हादसे में उनका शरीर गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। करीब 16 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।


