उदित वाणी, पटमदा: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बुधवार सुबह करीब 10 बजे बामनी गांव के समीप बड़डीह में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जमशेदपुर से यात्रियों को लेकर पटमदा की ओर जा रही एक मैजिक वैन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा पलटी।
हादसे में कई घायल, हिकम सिंह की स्थिति गंभीर
इस दुर्घटना में वैन पर सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में पटमदा के दूसरा निवासी 62 वर्षीय हिकम सिंह शामिल हैं। सड़क पर गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई है और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हंसली की हड्डी भी टूट गई है और पैर में चोट है। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, एक घायल महिला मरीज को (CHC) अस्पताल भेजा गया है।
ग्रामीणों ने घायलों की मदद की, पुलिस ने टैंकर को लिया कब्जे में
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वैन से बाहर निकाला और अस्पताल भेजने में मदद की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले टैंकर को मौके पर ही रोक लिया, जिसे बाद में पुलिस अपने साथ थाने ले गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।


