उदित वाणी जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे यार्ड में तेंदुए जैसे वन्यजीव के देखे जाने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें झाड़ियों के बीच एक जंगली जानवर घूमता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे कर्मियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टाटानगर रेलवे प्रबंधन ने तत्काल जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी को औपचारिक पत्र भेजते हुए वायरल वीडियो साझा किया है। रेलवे प्रशासन ने वन विभाग से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की है। रेलवे यार्ड का इलाका काफी संवेदनशील माना जाता है, जहां दिन-रात रेल कर्मचारियों की आवाजाही और ट्रेनों की शंटिंग का कार्य चलता रहता है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। डीएफओ के निर्देश पर रिसर्चर इमरान और फॉरेस्टर मिथुन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम इलाके की निगरानी कर रही है और ट्रैप कैमरे लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
रेलवे कॉलोनियों और यार्ड के आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। यार्ड का बड़ा हिस्सा झाड़ियों और सुनसान इलाकों से घिरा होने के कारण खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए रेलवे और वन विभाग ने संयुक्त रूप से लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि रात में सुनसान रास्तों पर अकेले न जाएं, बच्चों को बाहर अकेला न छोड़ें और किसी भी जंगली जानवर को देखकर उसके पास जाने या वीडियो बनाने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत प्रशासन को सूचना दें। फिलहाल पूरे यार्ड क्षेत्र में विशेष निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग की जांच रिपोर्ट और ट्रैप कैमरों के फुटेज आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।


