उदित वाणी, रांची/पतरातू : झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर पहुँचाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा सोमवार को पतरातू स्थित होटल पर्यटन विहार में ‘राज्य स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026’ का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने राज्य के कंटेंट क्रिएटर्स को एक नई पहचान देने के लिए ‘इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल’ का औपचारिक शुभारंभ किया.
स्थानीय क्रिएटर्स पर भरोसा: मंत्री सुदिव्य कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड की असली पहचान यहाँ की सादगी और लोकजीवन में है, जिसे राज्य के अपने इन्फ्लुएंसर्स ही सबसे बेहतर तरीके से दुनिया के सामने रख सकते हैं. उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश है कि जब राज्य के युवा क्रिएटर्स कंटेंट बनाएं, तो वे गर्व से कह सकें कि वे झारखंड पर्यटन विभाग के आधिकारिक सहयोगी हैं. इससे न केवल राज्य की ब्रांडिंग मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को नए अवसर भी मिलेंगे.”
इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल से जुड़ेंगे युवा
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के विजन के अनुरूप शुरू किया गया यह पोर्टल डिजिटल क्रिएटर्स और पर्यटन विभाग के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा. इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के कंटेंट क्रिएटर्स अब औपचारिक रूप से विभाग के साथ जुड़कर झारखंड के पर्यटन स्थलों, कला-संस्कृति और खानपान का प्रचार-प्रसार कर सकेंगे.
पोर्टल लिंक: https://touristtradereg.jharkhand.gov.in/InfluencerSignIn.aspx
80 से अधिक इन्फ्लुएंसर्स ने लिया हिस्सा
इस मीट में राज्य भर के 80 से अधिक प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने शिरकत की. कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में डिजिटल स्टोरीटेलिंग, कंटेंट क्रिएशन और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में विभागीय सचिव श्री मुकेश कुमार, झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) के प्रबंध निदेशक श्री प्रेम रंजन, महाप्रबंधक श्री राजीव रंजन सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सभी अधिकारियों ने डिजिटल माध्यमों से पर्यटन को बढ़ावा देने की इस पहल को क्रांतिकारी कदम बताया.


