उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई. बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में सुस्ती दिखने पर उपायुक्त ने कड़े तेवर दिखाए और अधिकारियों को स्पष्ट समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.
किताब वितरण में देरी: 7 बीपीओ को शो-कॉज और वेतन पर रोक
पाठ्य पुस्तकों के वितरण में लक्ष्य से पीछे रहने वाले प्रखंडों पर उपायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है. बोड़ाम, धालभूमगढ़, डुमरिया, घाटशिला, गुड़ाबांदा, मुसाबनी और पटमदा प्रखंडों में पुस्तक वितरण 90% से कम पाया गया. इस लापरवाही के लिए इन 7 प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों (BPO) को शो-कॉज जारी करते हुए उनके वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया गया है. उपायुक्त ने दो दिनों के भीतर 100% वितरण सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया है.
मैट्रिक-इंटर टॉपर्स का होगा सम्मान, ‘सिकुई-दिकुई अभियान’ फिर से शुरू
बैठक में वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों और जिला टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा. शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए गर्मी की छुट्टियों के बाद ‘सिकुई-दिकुई अभियान’ को पुनः प्रभावी ढंग से चलाने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत अधिकारी स्कूलों को गोद लेंगे.
आवासीय विद्यालयों का सुरक्षा ऑडिट और बुनियादी सुधार
आवासीय विद्यालयों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने 10 दिनों के भीतर स्वच्छता, सुरक्षा ऑडिट, और आधारभूत संरचना से जुड़ी शिकायतों को दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
निजी स्कूलों में BPL नामांकन और मध्याह्न भोजन
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटे (BPL Category) के तहत नामांकन प्रक्रिया ग्रीष्मावकाश के दौरान ही पूरी कर ली जाए. साथ ही, उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना (MDM) को निर्धारित मेन्यू के अनुसार संचालित करने और ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों व छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए.
बैठक में उपस्थित अधिकारी
समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय, बीईईओ, बीपीओ, सीआरपी सहित विभाग के अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहे.


