
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील की नोआमुंडी आयरन माइन (एनआईएम) को वर्ष 2020-21 के लिए सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए 5 स्टार रेटिंग प्रदान की गई है. एनआईएम को लगातार चौथी बार यह सम्मान मिला है. इससे पहले 2017-18, 2018-19 और 2019-20 में भी एनआईएम को 5 स्टार रेटिंग मिली थी.
टाटा स्टील नोआमुंडी चीफ शिरीष शेखर, और नोआमुंडी मजदूर यूनियन के महासचिव जी टी रेड्डी ने टाटा स्टील की ओर से भारत सरकार के खान, कोयला और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी से यह पुरस्कार प्राप्त किया.
यह पुरस्कार केंद्रीय खान मंत्रालय द्वारा 12 जुलाई को नई दिल्ली में आजादी का अमृत महोत्सव सप्ताह समारोह के हिस्से के रूप में आयोजित 6ठें राष्ट्रीय खान और खनिज सम्मेलन के दौरान दिया गया था.
टाटा स्टील के वाईस प्रेसिडेंट (रॉ मैटेरियल्स) डी बी सुंदरा रमम ने कहा कि हम सस्टेनेबिलिटी के मामले में अग्रणी रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम अपनी पर्यावरणीय प्रतिक्रिया को बढ़ाने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी का लाभ उठा रहे हैं और सस्टेनेबल विकास को सुनिश्चित करने और समुदायों के साथ मजबूत संबंधों को बढ़ावा देते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं. यह पुरस्कार हमारे सस्टेनेबल खनन अभ्यासों का प्रमाण है और यह सस्टेनेबल डेवलपमेंट के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है.

