
उदित वाणी,बोकारो: जिले के बालीडीह ओपी क्षेत्र स्थित गोडाबाली पहाड़ी में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान क्रॉस फायरिंग में प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई फायरिंग
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में बोकारो में अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह द्वारा व्यवसायियों से रंगदारी मांगे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी मामले में पुलिस ने प्रिंस गुप्ता को हिरासत में लिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए टीम गोडाबाली पहाड़ी पहुंची थी। इसी दौरान प्रिंस गुप्ता ने एक पिस्टल पुलिस को सौंपा, लेकिन मौके का फायदा उठाते हुए उसने दूसरी पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
अचानक हुई फायरिंग में पुलिस के जवान और अधिकारी बाल-बाल बच गए, हालांकि पुलिस वाहन में गोली लगने की सूचना है। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी।
रंगदारी गिरोह से जुड़े हैं तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता और उसके सहयोगी बोकारो के व्यवसायियों के मोबाइल नंबर अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह को उपलब्ध कराते थे। इसके बाद गिरोह द्वारा व्यवसायियों को धमकी देकर रंगदारी की मांग की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी
इस मामले में पुलिस पहले ही सात अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता ने बताया था कि उसने हथियार गोडाबाली पहाड़ी में छिपा रखे हैं, जिसके बाद पुलिस उसे लेकर मौके पर पहुंची थी।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

