
डीसी की अध्यक्षता में विकास से संबंधित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक
उदित वाणी, जमशेदपुर: उपायुक्त विजया जाधव की अध्यक्षता में विकास से संबंधित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई. उपायुक्त ने बैठक में विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यो को पूरा करने को कहा ताकि विकास को गति प्रदान की जा सके. बैठक में अमृत सरोवर, मनरेगा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, पीएम आवास, अंबेडकर आवास, मानव दिवस सृजन, जॉब कार्ड, बिरसा हरित ग्राम योजना तथा मुख्यमंत्री पशुधन विकास आदि योजनाओं की समीक्षा की गई.
बैठक में आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं इनसे संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई.
अमृत सरोवर योजना में 75 तालाब को होगा निर्माण
अमृत सरोवर योजना के तहत 75 तालाबों का निर्माण या पुराने तालाबों को पुनर्जीवित किया जाना है. बहरागोड़ा में 12, धालभूमगढ़ 04, चाकुलिया 15, गुड़ाबांदा 03, डुमरिया 01, मुसाबनी 04, पोटका 12, गोलमुरी सह जुगसलाई 19, पटमदा 13, बोड़ाम 03 तथा घाटशिला में 10 कुल 96 तालाब चिन्हित किए गए हैं जिनमें उपयोगिता के आधार पर पहले 75 तालाबों का निर्माण या जीर्णोद्धार किया जाएगा.
मनरेगा में 50101 में 6794 योजना हुई पूरी
मनरेगा अंतर्गत कुल स्वीकृत 50101 योजनाओं में 43307 ऑनगोइंग तथा 6794 पूर्ण हो चुकी हैं. बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले का निर्धारित लक्ष्य 1000 एकड़ है जिसमें करीब 73 फीसदी भूमि योजना के क्रियान्वयन के लिए चिन्हित की गई है.
668131 का बना आयुष्मान कार्ड
जिले में कुल 668131 लोगों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया गया है, शेष योग्य लाभुकों को भी इससे जोडऩे का निर्देश दिया गया. सर्वजन पेंशन योजना के तहत जिले के लिए निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध लगभग 25 फीसदी उपलब्धि है, इसे टाइम बॉन्ड तरीके से कार्य करते हुए सभी बीडीओ को जल्द लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में ये रहे मौजूद
डीडीसी प्रदीप प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ रजनीकांत मिश्रा व जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर.


