
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत स्काउट एंड गाइड, जिला मुख्यालय आम बागान साकची के तत्वावधान में दलमा पहाड़ पर एक दिवसीय ट्रैकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 130 स्काउट और गाइड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम में सेंट पीटर स्कूल, डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल, डीएवी स्कूल बिष्टुपुर तथा बीपी हेडक्वार्टर ओपन ग्रुप साकची के छात्र-छात्राएं शामिल हुए.

ग्रीन फ्लैग दिखाकर ट्रैकिंग दल को किया रवाना
ट्रैकिंग कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे साकची स्थित आम बागान से किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैकिंग दल को दलमा पहाड़ के लिए रवाना किया.
इसके बाद प्रतिभागी बच्चे दलमा ट्रैकिंग बेस पहुंचे और सुबह 7 बजे से ट्रैकिंग की शुरुआत की.
स्वच्छता अभियान के साथ किया ट्रैक
ट्रैकिंग के दौरान बच्चों ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया. ट्रैकिंग मार्ग पर पड़े प्लास्टिक की बोतलें, रैपर, पॉलिथीन तथा अन्य अनुपयोगी प्लास्टिक सामग्री को एकत्रित कर साफ-सफाई की गई.
विशेष रूप से हनुमान मंदिर से शिव मंदिर तक के रास्ते में बिखरे कचरे को उठाकर साफ किया गया. मंदिर परिसर से लेकर बेस पॉइंट तक बच्चों ने स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
पर्यावरण और ट्रैकिंग का दिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने बच्चों को ट्रैकिंग के विभिन्न गुर सिखाए और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं.
कार्यक्रम के सफल संचालन में रहा इनका योगदान
एक दिवसीय ट्रैकिंग कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला के प्रथम राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रोवर मुकेश कुमार सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गुरु शरण सिंह गोलन, गुरचरण सिंह नागी, स्काउट मास्टर धीरज रंजन, रॉबिन तथा जमशेदपुर एडवेंचर के निदेशक रमेश प्रसाद ने अपनी टीम के साथ बच्चों को मार्गदर्शन और सुरक्षा प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
कार्यक्रम के समापन पर जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया.

